शनिवार, 23 नवंबर 2013

विचारों की कब्र पर मूर्तियों की होड़

भारत में मूर्ति-निर्माण और मूर्ति-पूजा सदियों से चली आ रही है, लेकिन राजनीतिक फायदे के लिए मूर्तियों का इस्तेमाल इस वक्त जैसा हो रहा है, वैसा कभी नहीं हुआ. सरदार पटेल की राजनीतिक विरासत में सेंध लगा कर उस पर अपना हक जमाने की कोशिश के चलते नरेंद्र मोदी उनकी विशाल मूर्ति बनवा रहे हैं. तो कांग्रेस पटेल को अपनी पार्टी का नेता बता कर यह मुद्दा मोदी से छीनना चाहती है. इससे पहले भी कभी शिवाजी की बड़ी सी प्रतिमा लगा कर उनकी वीरता को सीमित अर्थो में बांधने की राजनीति की गयी, तो कभी बाबा भीमराव आंबेडकर को संविधान-निर्माता की जगह एक वर्ग का हितैषी बता कर प्रस्तुत किया गया. गांधीजी की मूर्तियां तो देश के कोने-कोने में हैं. चश्मे और लाठी के साथ उनकी मूर्तियों को उतनी ही आसानी से खड़ा कर दिया गया है, जितनी आसानी से बरगद के पेड़ के नीचे पत्थर को लाल सिंदूर लगा कर हनुमान की मूर्ति बना दी जाती है. गांधी जयंती और पुण्यतिथि पर उनकी साफ-सफाई हो जाती है, अन्यथा वर्ष भर वे उपेक्षित खड़ी रहती हैं. कभी मूर्ति का चश्मा टूटता है, कभी उसके नीचे बैठ कर मदिरापान या जुए का खेल होता है. संसद भवन में गांधीजी की जो मूर्ति लगी है, उसके सामने खड़े होकर सांसद अपना विरोध, प्रदर्शन आदि करते हैं. इस सब में गांधीजी की विचारधारा कहां दबा दी जाती है, उसकी खोज-खबर लेने वाला कोई नहीं. किसी भी महान व्यक्ति की मूर्ति लगा कर उसके प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट करना भावनात्मक अभिव्यक्ति का एक तरीका है,किंतु जब इसमें स्वार्थ जुड़ जाता है, तो यह तय है कि जिन विचारों और कर्मो से वह व्यक्ति महान कहलाया, उससे जनता को दूर करने की कोशिश हो रही है. भारत में मूर्तियों का इतिहास बहुत पुराना है. सिंधु घाटी सभ्यता के काल से मूतियों का वर्णन मिलता है. इनसान जिज्ञासाओं का जवाब ढूंढ़ता रहता है, और जहां वह अनुत्तरित हो जाता है, या यह महसूस करता है कि मुझसे ज्यादा कोई शक्तिशाली, श्रेष्ठ शक्ति इस ब्रrांड में विद्यमान है, तो उसे पूजना शुरू कर देता है. मूर्तियों का राजनैतिक प्रयोजन भारत में तब प्रारंभ हुआ, जब यूरोप में पुनर्जागरण हुआ. पर दुख की बात तो यह है कि निराकार को साकार करने की जगह अब साकार को ‘पाषाणकार’ किया जाने लगा है. कई मूर्तियां तो महज राजनैतिक स्वार्थो के चलते बनायी जा रही हैं. किसके नेता की ज्यादा बड़ी मूर्ति बनती है, ऐसी अविचारित होड़ देश में चल रही है. भारत में गांधी, नेहरू, भगत सिंह, शास्त्री, पटेल, आंबेडकर आदि महापुरुषों की जितनी मूर्तियां लगी हैं, अगर सचमुच उनका कोई असर होता, तो आज देश में जो वैचारिक शून्यता की स्थिति बनी है, वह कभी नहीं होती. हमें इस बात पर भी गौर करना चाहिए कि कहीं ऐसा तो नहीं कि हमने मूर्तियों को खड़ा कर उनके नीचे विचारों को दफन कर दिया है?

शनिवार, 9 नवंबर 2013

तुम्हारा दाग मेरे दाग से बड़ा कैसे?

अभी चुनावी मौसम है. जिसे देखो वह राजनीति की बातें कर रहा है. गांव हो या शहर, घर हो या बाहर, स्कूल हो कॉलेज, मंदिर हो या मसजिद सब जगह बस राजनीति की ही बातें हो रही है. वैसे तो लोकसभा चुनाव में अभी कुछ महीने वक्त है, पर इन दिनों पांच राज्यों में विधानसभा की चुनावी सरगरमी है. वो कहावत है न.. बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना. वही हाल हमलोगों का भी है. चुनाव है छत्तीसगढ़, राजस्थान, दिल्ली और मिजोरम में, और बावले हुए जा रहे हैं हम. रोज नये-नये सर्वे की लत लग गयी है. आज का नया सर्वे क्या है? किस पार्टी को ज्यादा सीटें मिल रही हैं, किसको कम? यह जानने की उत्कंठा में टीवी का रिमोट घिसे जा रहे हैं या अखबारों के पन्ने चाट रहे हैं. हालत यह है कि जब पटना में सीरियल बम ब्लास्ट हुए, कई लोग मरे, कई घायल हुए. तब भी हमारे अंदर की संवेदना घास चरने गयी थी. हम इस बात में उलङो रहे कि कौन सांप्रदायिक है और कौन नहीं. हम यह भूल गये कि ब्लास्ट में जो मरे वह इंसान भी थे. पता नहीं हम किस राजनीति की बातें करते हैं, कैसे करते हैं? एक तरफ तो हमारे नेता ऐसे हैं जिनको जनता के बजाय अपनी जान की फिक्र ज्यादा है. विस्फोट होता है कई निदरेषों की जान चली जाती है, कई बेगुनाह जख्मी होकर वहीं पड़े तड़पते रहते हैं, पर इन नेताओं को तो फिक्र है अपनी. खुद की सुरक्षा के लिए बड़े लाव-लश्कर, एसपीजी सुरक्षा, ब्लैक कमांडो, कई-कई राज्यों की पुलिस..और न जाने क्या-क्या?
वैसे, राजनीति है बड़ी अजीब. यहां वैसे तो कोई दूध का धुला है नहीं, पर सब एक-दूसरे को दागदार बताने में मशगूल हैं. हाल यह हो गया है कि बस सब एक-दूसरे के दाग ढूंढ़ते फिर रहे हैं. दागी सभी हैं, पर अब लड़ाई इस बात की है कि कोई कम दागी है तो कोई अधिक दागी है. जो खुद को कम दागी समझता है, वह दूसरे को अधिक दागी बता कर ही ईमान की लड़ाई जीतना चाहता है. जो कम दागी है, वह अधिक दाग वाले प्रभावशाली व्यक्तित्व से जलन करता है. इतने बड़े-बड़े घोटाले के दाग देख कर वह अपने छोटे घोटालों वाले दागों पर शर्मिदा हो रहा है. कुछ लोग हैं जो दागी तो हैं, पर खूबसूरती से उसे कमीज के नीचे छिपाए हुए हैं. लोग देखते हैं तो बस सफेद ही सफेद ही नजर आता है. इस सफेदी के पीछे छिपा वह स्याह चेहरा लोग देख ही नहीं पाते, जो उसका असली चेहरा है. वोट मांगने के लिए यह एक कारगर हथियार है. वैसे वोट मांगने के और भी कई तरीके हैं. इस सीजन में कई बड़े नेता अपनी दादी, पिताजी, मां, चाचा, भाई-भाभी, बेटा-बेटी आदि के नाम पर भी वोट मांगते देखे जा रहे हैं. आखिरकार, यह लोकतंत्र है, वोट मांगना उनका अधिकार है और देना आपका. आप राजनीति या नेताओं को पसंद करें या न करें, नजरअंदाज नहीं कर सकते.

शनिवार, 2 नवंबर 2013

रिश्तों की मिठास : कुछ खास है, कुछ बात है

वर्षो बीत गये दीपावली और छठ में घर गये. जब भी यह अवसर आता है, घर की बहुत याद आती है. याद आती है इस त्योहार के उत्साह की, उमंग की, सामूहिकता की और बचपन की भी. जीवन की आपाधापी में आप चाहे जितना भी आगे चले जायें, मन में एक कोना ऐसा अवश्य होता है जहां जिंदगी के कुछ खुशनुमा पलों की यादें रची-बसी होती हैं.  ये यादें ऐसी धरोहर होती हैं, जो आपके जमीर को मरने नहीं देतीं. ये यादें ही जमीर को जिंदा रखती हैं और आपको ऊर्जावान व संजीदा बनाये रखती हैं. अभी शहर से लेकर गांव तक दीपावली-धनतेरस को लेकर बाजार गरम है. कोई साजो-सामान खरीद रहा तो कोई गिफ्ट,  कोई पूजा-पाठ की तैयारियों में मग्न है तो कोई व्यापार में तल्लीन. प्रशासन चाहे कितना भी आगाह कर ले, लाखों-करोड़ों रुपये के पटाखे हवा में उड़ाये जाएंगे. यह जानते हुए भी कि यह न सिर्फ पैसे की बरबादी है बल्कि प्रदूषण की वजह भी. कोई मानता नहीं है. मेरी बेटी तेज आवाज वाले पटाखों से तो डरती है पर फुलझड़ी और रंग-बिरंगी रोशनी वाले आइटम उसे बेहद पसंद हैं. मुङो याद है, मैंने भी बचपन में खूब पटाखे चलाये हैं. छोटे चाचाजी (काका) कोलकाता से मेरे लिए ‘स्पेशल’ पटाखे लाते थे. साथ में ढेरों टॉफियां भी, जिन्हें मैं मित्रों को भी खिलाता था. हम सफल होने की जल्दबाजी में जो सबसे महत्वपूर्ण चीज खो रहे हैं वह है रिश्ते-नाते. आप सफलता की चाहे जितनी सीढ़ियां चढ़ लें, कुछ रिश्ते आपको सदा ही लुभाते हैं. मेरे बचपन की स्मृतियों में भी कुछ ऐसे ही रिश्ते बसे हैं. मैं अपने पिताजी के बजाय चाचा लोगों के बहुत करीब रहा. पेशे से शिक्षक रहे बड़े चाचाजी से मिला अपार स्नेह आज भी मेरी जिंदगी की धरोहर है. मैं सोचता हूं क्या हम अपने बच्चों को संयुक्त परिवार के स्नेह की वह खुशबू दे पा रहे हैं! एकल परिवार की व्यवस्था में यह सब शायद एक सपने की तरह है. भाई और बहनों से भरा-पूरा परिवार, दादी का लाड़-प्यार सब कुछ आज एक सपना ही तो है. छठ के अवसर पर मां के हाथ का बना ठेकुआ का स्वाद आज के किसी भी महंगी मिठाई में मिलना नामुमकिन है. मां के साथ शाम और सुबह के अघ्र्य के वक्त छठ घाट जाने में जो खुशी मिलती थी वह किसी पर्यटन स्थल पर जाकर हासिल नहीं हो सकती. रिश्तों के स्मरण की बात चल रही है तो एक हालिया घटना का जिक्र छेड़ना जरूरी हो जाता है. चार दिन पहले की बात है, रायपुर में रह रहे मेरे बचपन के एक मित्र सुबोध (राणा) ने फोन किया. बोला पहचान रहे हो या नहीं? मैं थोड़ी देर के लिए हतप्रभ रह गया. मैं समझ नहीं पा रहा था कि क्या प्रतिक्रिया दूं. अचानक से ढेर सारी स्मृतियां उमड़ने-घुमड़ने लगी. लंबी बातचीत के बाद मैंने उसे फोन करने के लिए धन्यवाद दिया. वाकई, रिश्तों का रिनुअल करना कितना अच्छा है, जरूरी है! आइये, इस दीपावली एक खूबसूरत पहल करें.

सोमवार, 21 अक्टूबर 2013

ये सोना अगर मिल भी जाये तो क्या है?

दुर्गापूजा का उफान फैलिन तूफान से भी फींका नहीं पड़ा. रेनकोट पहने और छाता लगाये श्रद्धालुओं का रेला जगह-जगह मेलों में देखा जा सकता था. धर्म-अध्यात्म के जानकार बताते हैं कि ऐसे त्योहारों, आयोजनों के दौरान लोगों का उत्साह दोगुना हो जाता है. ‘कुंडलिनी’ जाग्रत हो जाती है. मैंने भी इसे ‘महसूस’ किया. महिलाओं-बच्चे, बीमार- स्वस्थ, बड़े-बूढ़े सभी उत्साह से लबरेज दिखे. यहां तक कि चोर-उचक्के भी. दुर्गापूजा के दौरान लौहनगरी में चोरी-लूट की घटनाएं भी बढ गयी थीं. किसी का पर्स चोरी, तो किसी का जेवर. किसी की स्कूटी चुरा ली, तो किसी की कार गायब कर दी.
मेला देखने के जोश में होश खो बैठी श्रीमती जी का मंगलसूत्र किसी उचक्के ने उड़ा लिया. उन्हें दुखी देख कर मैंने समझाने की कोशिश की- ‘इसमें इतना अफसोस करने की क्या बात? त्योहार का दिन है, इंज्वाय करो.’ वह बोलीं- ‘क्या खाक इंज्वाय करूं, माता के दरबार में आयी थी और ऐसा हो गया.’ मैंने कहा- ‘कोई जरूरतमंद रहा होगा, माता ने उसकी सुन ली. अब चलो, दूसरा ले लेना.’ श्रीमती जी मां चंडी की तरह मुझ पर बरस पड़ीं- ‘दूसरा कहां से ले लेंगे. इस महंगाई में दो वक्त की सब्जी तो खरीद नहीं पाते, जेवर कहां से खरीद लेंगे?’
मैंने अपना ज्ञान (या शायद अज्ञान) बघारने की कोशिश की. सोचा कि शायद इससे बात बन जाये. बोला- ‘देखो, उन्नाव (उत्तर प्रदेश) में 1000 टन सोना मिलने वाला है. आज के बाजार मूल्य के मुताबिक, इस सोने की कीमत तीन लाख करोड़ रुपये होगी. हमारे रिजर्व बैंक के पास 550 टन सोने का रिजर्व है और वह इस मामले में दुनिया में 11वें नंबर पर है.  खजाने से मिलने वाले सोने को जोड़ देने पर आरबीआइ दुनिया में 8वें नंबर पर आ जायेगा. इससे हमारे रु पये की आंतरिक कीमत भी बढ़ जायेगी. कुल मिला कर कहें, तो हमारा देश अमीर हो जायेगा. सोने की कीमत घट जायेगी. इस प्रकार इसे आम आदमी भी आसानी से खरीद पायेगा.’ पर वह कहां मानने वाली थीं. बोलीं- ‘जिस देश में आालू-प्याज आम आदमी की पहुंच से दूर हो, वहां सोना किस प्रकार सहजता से उपलब्ध होगा? कभी सोने की चिड़िया कहलाने वाले इस देश में आज चिड़िया जितना भी सोना नहीं रहा.’ मैं चुप हो गया. मुङो इसी में अपनी भलाई लगी.
अब भला उन्हें कौन समझाये कि हमारा देश साधु-संतों का देश है. संत जो कह दें, वह पत्थर की लकीर होती है. आखिर शोभन सरकार ने जो सपना देखा है, वह गलत तो नहीं होगा. हम ताउम्र देखे-अनदेखे सपनों को पूरा करने के लिए ही तो भागते रहते हैं. वैसे राजनीति के जानकार यह भी कह रहे हैं कि इस सोने की खुदाई के पीछे नेताजी (मुलायम सिंह यादव) का दिमाग है. आगामी लोस चुनाव में ‘मोदी प्रकोप’ से बचने के लिए नेताजी का यह ‘खोदी दावं’ है.

बुधवार, 4 सितंबर 2013

नया जमाना, गिरने से क्या घबराना

सुबह उठते ही, चाय पीते वक्त दूध और चीनी की महंगाई याद आती है. दोपहर और रात को, भोजन करते वक्त सब्जी-आटा-चावल-दाल की महंगाई सताती है. तो क्या हुआ.. यह क्षणिक आवेग है जनाब! थोड़ा ठंड रखिए. गुस्सा पी जाइए. क्या हुआ जो टमाटर आपको लाल आंखें दिखा रहा है, प्याज का दाम सुन कर ही आंसू आ रहे हैं? वह दिन दूर नहीं जब प्याज भी सेंसेक्स और रुपये की मंडली में शामिल हो जायेगा. फिलहाल तो आप ‘भारत निर्माण’ का विज्ञापन देखिए और देश में तरक्की का चढ़ता ग्राफ महसूस कीजिए. हो सके तो उस ढाबे या होटल की तलाश कर लीजिए, जहां 12 या 5 रु पये का खाना मिल सके. वैसे परिवार को ढूंढ़ कर उसकी जीवनशैली अपनाइए जो 27 या 33 रु पये में गुजारा कर रहा है. केंद्रीय मंत्रियों और सत्तासीन पार्टी के नेताओं का यह दावा बस यूं ही नहीं है. आखिर वे जो कह रहे हैं उसका पुख्ता आधार होगा. उन पर ‘भरोसा’ कीजिए. ठीक उसी तरह जिस तरह पिछले दस साल से अर्थशास्त्री प्रधानमंत्री पर भरोसा कर रहे हैं. इस उम्मीद के साथ कि आज नहीं, तो कल देश की अर्थव्यवस्था जरूर ठीक हो जायेगी. पर हो इसका उल्टा रहा है. रुपया दिनोदिन रसातल में जा रहा है. दलाल पथ से लेकर राजपथ तक भयंकर गिरावट का दौर जारी है. दलाल पथ पर सेंसेक्स गिर रहा है, तो राजपथ पर नेता लोग. किसी को अपनी गिरावट पर ‘अफसोस’ नहीं है. पर इस गिरावट को आप हल्के में मत लीजिए. इसमें तमाम अंदरूनी रहस्य छिपे हैं. सेंसेक्स इसलिए गिर रहा है, ताकि निवेशकों के दिल मजबूत हों. रु पया इसलिए गिर रहा है, ताकि लोग फिजूलखर्ची कम करें और अपना माल बचा कर निर्यात किया जाये. नेता इसलिए गिर रहे हैं, ताकि राजनीति के प्रतिमान कुछ बदल सकें.  अगर आप समझ सकें तो असल बात यह है कि नेताओं के लिए देश की जनता और राजनीति दोनों ही मनोरंजन का सामान बन गयी हैं. इस मनोरंजन का लुत्फ वे अक्सर अपने बयानों में लेते रहते हैं. गरीब, गरीबी और भूख तीनों में उन्हें मनोरंजन नजर आता है. स्त्री उन्हें ‘टंच माल’ दिखायी पड़ती है. उनकी जुबान और बयान का कोई भरोसा नहीं; कब, किसे, क्या कह-बना दें. दरअसल, यह अंतर भूखे पेट होने और पेट भरे होने के बीच का है. यह भरे पेट का ‘टंचत्व’ है. अगर खुद का पेट भरा हो, तो सब तरफ सुख-शांति और अमन-चैन ही नजर आता है. अमीरी-गरीबी में फर्क करना मुश्किल हो जाता है. फर्क है तो सिर्फ गिरने में. कुछ लोग ऊंचाई पर पहुंचने के लिए गिर रहे हैं, तो कुछ लोग ऊंचाई पर पहुंचने के कारण गिर रहे हैं. दरअसल, गिरना टैक्स और ब्याज से मुक्त है. पर उसका क्या जो हर गिरावट की मार खा कर बीच बाजार में खड़ा है. बाजार में खुद को औने-पौने दामों में बिकवा रहा है, ताकि किसी तरह अपना और अपने परिवार का पेट भर सके.

शनिवार, 10 अगस्त 2013

नवाज को एक शरीफ हिंदुस्तानी का खत

मियां नवाज शरीफ जी! आपको और आपके मुल्क पाकिस्तान की अवाम को ईद मुबारक. आज ईद के ही दिन हमारे देश की आइबी ने अलर्ट किया है कि आपके मुल्क के जमात-उद-दावा के प्रमुख हाफिज सईद दिल्ली के लालकिले पर फिर से हमले की योजना बना चुके हैं. वह पाकिस्तानियों को भारत के खिलाफ उकसा रहे हैं. उन्होंने ट्विटर पर ईद की शुभकामना देते हुए भारत के खिलाफ सख्त संदेश जारी किया है.  अब क्या बतायें कि यह संदेश पाकर हमारे देश में ईद कैसे मन रही है. ईद के उसी चांद को हिंदुस्तान ने भी देखा, जिसे पाकिस्तानियों ने देखा. पर इस बार हमारी ईद जरा फीकी है. हमारा मुल्क अभी गम और गुस्से के दौर से गुजर रहा है. सरहद की निगहबानी करने के दौरान अपने पांच जवानों को खो देने के गम में हम अभी डूबे हैं. उन जवानों के घर-गांव में पिछले चार दिनों से चूल्हा नहीं जला. अन्न का एक निवाला तक बच्चों ने नहीं खाया.
आप तो ‘शरीफ’ हैं, यह तो पता ही होगा कि हिंदुस्तान के कई परिवारों की मौसी, बुआ, बहनें और भाई पाकिस्तान में रहते आ रहे हैं. सोचिए, उनकी ईद कैसी गुजरी होगी. अरे हां! आपको शुक्रिया कि आप हमारे इस गम में शरीक हुए और अफसोस जताते हुए ‘रिश्ते को मजबूत और भरोसेमंद बनाने की पहल’ करने पर जोर दिया. पर रिश्ते की कीमत भला तुम क्या जानो शरीफ बाबू! तुम्हारा मुल्क तो सिर्फ धोखेबाजी और फरेब की राजनीति करता है. दरअसल, पाकिस्तान की सियासी आबोहवा ही कुछ ऐसी है जहां अमन को लेकर ईमानदार लोगों के लिए गुंजाइश जरा कम है. पर हमारा गम जरा जुदा है. हम पाकिस्तान से बार-बार छले गये एक ऐसे मुल्क के वाशिंदे हैं, जहां के हुक्मरान गंदी और स्वार्थ की राजनीति में मशगूल हैं. उन्हें यह तक पता नहीं कि एलओसी पर हमला आतंकियों ने किया या पड़ोसी मुल्क के सैनिकों ने. हमारे सांसदों, विधायकों, मंत्रियों को बोलने तक नहीं आता. जिनकी मानसिकता यह है कि ‘सैनिक तो होते ही हैं शहीद होने के लिए’, उनसे भला किस प्रकार की उम्मीद की जा सकती है.
खैर, यह तो हमारा ऐसा दर्द है जिसे सुन कर आप हमारी हंसी ही उड़ायेंगे. हमारे यहां बच्चों को शुरुआती कक्षा में ही एक कविता पढायी जाती है- ‘मां मुझको बंदूक दिला दो मैं भी लड़ने जाऊंगा.’ यहां लड़ने से अभिप्राय देश की रक्षा करने से है. कुछ ऐसी ही पंक्तियां आपके भी मुल्क में भी बच्चों को सिखायी जाती हैं, पर उसका अभिप्राय शायद कुछ और होता होगा. चलते-चलते एक चर्चित शेर अर्ज करना चाहूंगा, पर जरा बदले अंदाज में -
न दिल्ली में याद रखना, न लाहौर में याद रखना/ हो सके तो हमें बस दुआओं में याद रखना.
        आपका, एक शरीफ हिंदुस्तानी

बुधवार, 10 जुलाई 2013

कर न सके हम सौदा पनीर का

कर न सके हम प्याज का सौदा, कीमत ही कुछ ऐसी थी/ लाल टमाटर छोड़ आये हम, किस्मत ही कुछ ऐसी थी.. आजकल हर ‘मैंगो मैन’ (आम आदमी) की व्यथा कुछ ऐसी ही है. कुछ दिन पहले तक दाल-चावल की महंगाई का रोना रोनेवाले लोग सब्जियों की कीमतों में भारी इजाफे के बाद अब उसी दाल की दुहाई दे रहे हैं, ‘‘शुक्र है कि दाल है, वरना शनिवार से गुरुवार तक उपवास ही करना पड़ता.’’
आज हर कोई भले ही महंगाई से परेशान हो, पर एक शख्स ऐसा है जिस पर कोई असर नहीं हो रहा. आप जानना चाहेंगे उसके बारे में? वह है ‘ईमानदार आदमी.’ उसे कल भी वस्तुएं महंगी लगती थीं, आज भी लगती हैं. वह कहता है, ‘‘जमीर बेच कर पनीर नहीं खरीद सकता. भले ही भूखा रहना पड़े. जब जमीर ही मर जायेगा तो शरीर जिंदा रह कर क्या करेगा? आखिर बापू का प्रिय भजन वैष्णवजन तो तेणो कहिए जो पीर परायी जाणो रे.. कब काम आयेगा.’’ बापू तो रहे नहीं, लाचारी में अन्ना हजारे को अपना आदर्श माननेवाला यह ईमानदार आदमी कभी अनशन, तो कभी उपवास, तो कभी धरना-प्रदर्शन के बहाने भोजन से मुक्ति पाने का बहाना ढूंढ़ता है. कल की ही बात है, एक टीवी चैनलवाले ने उसके मुंह में माइक ठूंसते हुए पूछा, ‘‘आपको भूख हड़ताल से इतना लगाव क्यूं है भला?’’ बोला, ‘‘आज भी जिस देश की एक चौथाई आबादी को भूखे पेट सोना पड़ता हो, उस देश में भूख हड़ताल से बेहतर विरोध का कोई साधन नहीं हो सकता. इस देश की सरकार सो रही है. हमारे ही वोटों से जीत कर ‘जन प्रतिनिधि’ का तमगा पहने ज्यादातर सांसद और विधायक संसद और विधानसभा की कैंटीनों में भयंकर सब्सिडीवाला खाना खाते हैं. इसलिए उन्हें लगता है कि जब इतना सस्ता खाना मिल रहा है, तो भला आम जनता महंगाई का हल्ला क्यों मचा रही है?’’
भले ही प्राकृतिक विपदा से तबाह उत्तराखंड को सरकार राहत न दिला सकी हो, पर बढती महंगाई और सब्जियों और दूध के दाम में हो रही बेतहाशा वृद्धि के मद्देनजर ‘कैलेंडर और पोस्टर योजना’ शुरू करने की योजना बना रही है. लोग सब्जियों की शक्ल न भूल जायें इसलिए इनके पोस्टर छपवा कर घर-घर पहुंचाये जायेंगे. दूध भी आम आदमी की पहुंच से बाहर हो रहा है. बड़ों के लिए तो नहीं, पर बच्चों को इसकी खास जरूरत होती है. ऐसे में सरकार पोलियो ड्राप्स की तरह ‘दूध ड्राप्स’ पिलाने के लिए ‘मिशन दूध’ शुरू करने की तैयारी में है. महीने में एक दिन तय किया जायेगा, जब लोग अपने बच्चों को नजदीकी केंद्रों पर ले जा कर दूध ड्राप्स पिलवायेंगे. इसका स्लोगन भी ‘दो बूंद जिंदगी की’ रखा जायेगा. ये बात अलग है कि इससे बच्चों को जिंदगी मिले न मिले, सरकार को जरूर मिलेगी.

सोमवार, 24 जून 2013

कोई बिकने में मशगूल है, तो कोई बेचने में

अलस्सुबह कल्लू चायवाले की दुकान पर जुम्मन मियां गला फाड़-फाड़ के चिल्ला रहे हैं, ‘‘जैसे मजबूर किसान की जमीन बिकती है, जैसे मजबूर औरत की अस्मत बिकती है, जैसे आजकल बच्चे बिकते हैं, जैसे कोयला और लौह अयस्क जैसी देश की दौलत बिकती है, जैसे किसी का जमीर बिकता है, जैसे कोई नेता बिकता है या फिर नेताओं का समर्थन बिकता है, जैसे हाकिम बिकते हैं, उनकी कलम बिकती है, जैसे नौकरियां बिकती हैं, जैसे सरकारी कंपनियां बिकती हैं, वैसे ही अगर खिलाड़ी भी बिक गये तो ताज्जुब कैसा? अगर बाकी सबकुछ बिकना जायज है, तो खिलाड़ियों का बिकना गलत कैसे हुआ?’’
दुकान पर बैठे अन्य ग्राहक चुपचाप चाय सुड़क रहे हैं. जुम्मन मियां की बात का जवाब देने की हिम्मत किसी में नहीं हो रही. मैं समझ गया कि आज फिर सुबह-सुबह ये जनाब अखबार पढ़ कर ‘चाजर्’ हो गये हैं. यह यहां का आम दृश्य है. कलक्ट्रेट ऑफिस में बड़ा बाबू पद से सेवानिवृत्त होने के दस साल बाद भी जुम्मन मियां बेबाकी और जिंदादिली के मामले में सबसे अलग हैं. कुछ लोग उन्हें ‘मुंहफट’ की संज्ञा भी दे देते हैं. मुङो देखा तो फिर शुरू हो गये. अखबार लहरा कर बोले, ‘‘हल्ला मचा है कि देखो खिलाड़ी बिक गये! पर खिलाड़ियों को तो बिकना ही था. पहले अर्थव्यवस्था देश की होती थी, अब बाजार की होती है. पहले सब कुछ सरकार तय करती थी, अब बाजार तय कर रहा है. खुद सरकार ने बाजार को इतना सम्मान दे दिया है, ऐसी खुली छूट दे दी है कि बाजार उद्दंड हो गया है. वह छुट्टा सांड़ की तरह घूम रहा है. फिर खिलाड़ी ही बेचारे उससे कब तक बचते? उनका बिकना तो उसी दिन तय हो गया जिस दिन आइपीएल की योजना बनी थी. हालांकि जब वे विज्ञापनों में कोल्ड ड्रिंक बेच रहे थे, तेल-साबुन बेच रहे थे या चड्ढी-बनियान बेच रहे थे, असल में तो वे तब भी बिक ही रहे थे. हमें लगता था कि वे ये चीजें बेच रहे हैं. पर वास्तव में वे अपने को ही बेच रहे थे, अपने हुनर से हासिल सम्मान बेच रहे थे, दर्शकों और खेल प्रेमियों से मिला प्यार बेच रहे थे, खेल से प्राप्त अपना ऊंचा स्थान बेच रहे थे. अर्थात वे खुद ही बिक रहे थे.  अरे, इस देश में क्या-क्या नहीं बिक रहा. कोई ‘विश्वास’ बेच रहा है तो कोई ‘विश्वासमत’ बेच रहा है. कोई ‘समर्थन’ बेच रहा तो कोई वोट बेच रहा. कहीं कुरसी बिक रही, तो कहीं पद बिक रहा. कोई बेचने में मशगूल है तो कोई खरीदने में मग्न..’’
मैंने उन्हें बीच में टोका, ‘‘काका चाय खत्म हो गयी हो तो चलो पान खिलाता हूं.’’ बोले, ‘‘हां, चलिये जनाब! यहां सब फटीचर हैं. पर चूना जरा कम लगवाइयेगा. मुंह में छाले हो गये हैं. परसों एक सज्जन ने कारबाइड से पका आम खिला दिया था.’’

रविवार, 2 जून 2013

सुनो ससुर जी अब जिद छोड़ो

बीसीसीआइ अध्यक्ष श्रीनिवासन पर इस्तीफा देने का चौतरफा दबाव इन दिनों इस कदर है मानो मानसून का पश्चिमी विक्षोभ बंगाल की खाड़ी पर दबाव बना रहा हो. श्रीनिवासन को सोते-जागते, खाते-पीते बस इस्तीफे का भूत ही सता रहा है. जानकारों का मानना है कि वे अवश्य ही उस मुहूर्त को कोस रहे होंगे, जब उन्होंने ‘सुयोग्य’ मयप्पन को अपना दामाद बनाया. कुछ ऐसी ही सोच मयप्पन की भी है. मयप्पन आज जिस हालात (जेल) में हैं, उसमें वे अपने ससुर श्रीनिवासन के बारे में भला अच्छा कैसे सोच सकते हैं. सूत्र बताते हैं कि ‘सुयोग्य’ दामाद ने अपने ससुर की ‘काबिलीयत’ पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि होशियारी आती नहीं तो किया क्यों? और पकड़े ही गये तो अब जिद कैसी, इस्तीफा क्यों नहीं देते?
मयप्पन का यह भी मानना है कि उन पर इतना शिकंजा इसीलिए कसा, क्योंकि वे श्रीनिवासन के दामाद हैं. अगर वे ‘आम आदमी’ होते तो बड़े ही आराम से सारा माल हजम कर जाते और डकार भी नहीं लेते. मयप्पन का दावा सुन कर आपको उनके हाजमे का अंदाजा तो लग ही गया होगा. पर इस प्रकरण को लेकर उल्टी-दस्त करने वाले भी बहुतेरे हैं. कोई क्रिकेट को कोस रहा है तो कोई सट्टेबाजों को, कोई बीसीसीआइ को कोस रहा है तो कोई क्रिकेटरों को. ये सब लोग वही हैं जिन्हें कुछ भी हजम नहीं होता. बात चाहे इनके प्रिय टीम के हारने की हो या इनके पसंदीदा क्रिकेटर के बिना रन बनाये आउट हो जाने की. इनके लिए किसी भी परिस्थिति को हजम करना मुश्किल होता है. आज क्रिकेट के फैन भले ही दुखी हों और ससुर दामाद भले ही एक-दूसरे को कोस रहे हों, पर मीडिया को आजकल खूब मसाला मिल रहा है. कुछ दिनों पूर्व ही एक बड़े पत्रकार ने अपने लेख में इस प्रकरण पर अपनी टिप्पणी कुछ यूं दी -
‘‘टी-20 में भागीदार सभी को मालूम था कि इसके जन्म के समय से ही इससे दरुगध आ रही है. कुछ सट्टेबाज शायद इसी बदबू के कारण इसकी ओर आकर्षित हुए. एक शीर्ष अधिकारी जो अब इस लीग से बाहर है, अपने लोगों के सामने कहता था कि जब भी उसकी पसंदीदा टीम हारती है, वह सट्टेबाजों के जरिये जीत जाता है. पार्टी में होनेवाली ऐसी बातें दौलत के पुजारियों की ओह-आह से बाहर निकलीं. आइपीएल में सभी भ्रष्ट नहीं हैं. अधिकतर मालिक और मैनेजर मजे और मनोरंजन के नये तरीके के जरिये कानूनी तरीके से पैसा कमाने की चाह में इससे जुड़े. अधिकतर क्रि केटरों को अपना बैंक बैंलेंस देखने पर अपने भाग्य पर यकीन नहीं होता होगा. उन्होंने कभी सपने में भी ‘लॉटरी’ से मिलनेवाली ऐसी अमीरी के बारे में नहीं सोचा होगा. लेकिन इसकी कीमत थी चुप्पी. लेकिन क्या किया जाये, कुछ लोग बात न पचा पाने के लिए अभिशप्त होते हैं.’’

गुरुवार, 23 मई 2013

वो कत्ल करे हैं या करामात करे है...


अपने गांव गया था. एक बस यात्रा में बड़ा ही रोचक अनुभव हुआ. अगर आप गौर करें तो बस यात्रियों की आपस में बातचीत, खलासी-ड्राईवर के संवाद और यात्रा के दौरान तरह-तरह की आवाज से एक खास तरह का कोलाज बन उठता है. महसूस कीजिये..
  एक सवारी-एक सवारी, रोक के..रोक के. चल.. ए.. भाई, ए साइकिल.. उपर..अरे तनिक बैगवा उहां रखिये..हां अरे बच्चा है तो उसे गोद में लेकर बैठिए. टिकस लिया है तो बच्चे का लिया है पूरे का नहीं. सीट पर आप बैठ जाईये. मां जी..हां.कहां जाना है. ऐ रिक्शा.. अरे तोहरी हरामी के आंख.. चांपे चले आवत हउव..
  न दामन पे कोई छींटा/ न खंजर पे कोई दाग/ वो कत्ल करे हैं..या करामात करे हैं..बड़ा शायरी मारत बाड़..कॉलेजवा में इहे पढाई होता है का.. रउरा ना बुझाई ए बाबा..
    ललुवा के रैली फेल हो गइल..ए भाई तनिक गाड़ी साइड होखे द तब थूकिह. हवा इधरे का है. ऐ बाबा तनी होने खसकिये. ए साल सरजू बावन बोना है, सोनालिका भी ठीक है.उपज ठीके है. एक निबंध.. विज्ञान ने हमारे जीवन में आमूल-चूल परिवर्तन किया है..अब बताओ..आमूल तो आमूल ये चूल क्या है. रोक के..रोक के..उतरना है. ए भाई सामान आगे करो.. आप वहां बईठिये.. अरे तो आधे पर ही बईठो भाई जल्दीऐ पहुंच जाओगे. काहे जल्दीयाये हो. सामान पर जोर मत डालिए..फूटेगा नहीं.. अरे चिंता मत करो..
  पप्पू यादव बाइज्जत बरी..अपने देश में कानून सबके लिए अलग-अलग है.. अरे कानून के किताब में करिया-करिया शब्द का भारी-भारी अर्थ समझना सबके वश में नहीं नू है भाई..सही कह रहे हैं, इ काम खाली वकीले लोग कर सकता है..वह भी पईसा लेकर.. बीड़ी छूआ जाएगा. हाथ उधरे रखिये. कुरता बड़ा कटाह पहिनले बाड़ ससुरारी जात हऊव का..अरे तोहरी बहिन के. इहां काहे भीड़ है भाई..बारात निकलल है का. सीवान के बाबू बजरंगी के यहां परसो बड़ा स्वागत सत्कार हुआ. फायरिंग से पूरा सामियाना फाड़ दिया सब.. साइड होखिये.. बैल हइस का रे..मारेब कि मरिये जइब.
 कमरिया करे लपालप..लॉलीपप लागेलू.. अरे तनी गनवा धीरे बजाइये.. महाराजगंज के उपचुनाव में के जीतेगा एह बार.. जीते केहू लेकिन नीतीश आउर लालू के प्रतिष्ठा दांव पर लागल बा..
  हां भाई. आइये..उतरिए जल्दी..उतर रहे हैं नू. लग रहा है कि हवाई जहाज चला रहे हैं.. ढेर कानून मत बतिआइये..जाइये घरे.. ऐ लल्लन भईया आपका मोबाइल गिर गया..रिक्शा पकड़ के स्टेशन काहे नहीं चले जाते हैं, पैदल त लू मार देगा.. ट्रेनवा में अभी लेट है का..